अलीगंज में ज्वैलर्स की दुकान में बड़ी चोरी, तिजोरी समेत लाखों के जेवर ले गए चोर।

अलीगंज में ज्वैलर्स की दुकान में बड़ी चोरी, तिजोरी समेत लाखों के जेवर ले गए चोर।

संवादाता अमन अहमद।

एटा। अलीगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मेवातियां में ज्वैलर्स की दुकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोर रात के अंधेरे में दुकान का शटर काटकर अंदर दाखिल हुए और दुकान में रखी भारी तिजोरी को ही उठाकर अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह होने पर इलाके में हड़कंप मच गया। चोरी की वारदात से स्थानीय व्यापारियों में भी दहशत का माहौल है

पीड़ित दुकानदार कन्हैया वर्मा के मुताबिक, दुकान में रखी तिजोरी में करीब आठ किलो चांदी और लगभग 30 ग्राम सोने के आभूषण रखे हुए थे। चोरी गए जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 20 से 22 लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि चोरी गए माल की वास्तविक कीमत का आकलन पुलिस जांच और दस्तावेजों के आधार पर किया जाएगा।

बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब 6:40 बजे पड़ोसी दुकानदार की नजर दुकान के कटे हुए शटर पर पड़ी। उसने तत्काल कन्हैया वर्मा को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही दुकानदार मौके पर पहुंचे तो दुकान के अंदर रखी तिजोरी गायब मिली। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

घटना की सूचना पर अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि वारदात में एक से अधिक बदमाश शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस संदिग्धों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश देने में जुटी है।

ज्वैलर्स की दुकान से तिजोरी ही उठाकर ले जाने की घटना के बाद व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें