यमुना के बढ़े जलस्तर का तहसीलदार ने लिया जायजा, राजापुर-शिरोमपुर क्षेत्र का किया निरीक्षण
मेजा। यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में मेजा तहसील क्षेत्र के विकासखंड मांडा अंतर्गत राजापुर, शिरोमपुर एवं शिरोमनपुर क्षेत्र में तहसीलदार यमुना प्रसाद वर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ने यमुना नदी के जलस्तर तथा आसपास के क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों से बाढ़ की स्थिति और प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी ली तथा आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
मौके पर लेखपाल अमरनाथ सहित संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन की टीम ने नदी के आसपास की स्थिति का निरीक्षण करते हुए संभावित जलभराव और बाढ़ के खतरे को लेकर क्षेत्र में निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया।
प्रशासन का कहना है कि नदी के जलस्तर में होने वाले बदलाव पर लगातार नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों से भी नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
ये भी पढ़ें आरएसएस और बीजेपी को सांप बताने वाली कांग्रेस पार्टी पहले अपने गिरेबान में झांके












