धामी का निर्देश: 15 अक्टूबर तक उत्तराखंड की सभी सड़कें हों गड्ढामुक्त

धामी का निर्देश: 15 अक्टूबर तक उत्तराखंड की सभी सड़कें हों गड्ढामुक्त

फैयाज अहमद | दैनिक चक्र ब्यूरो, उत्तराखंड

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मानसून के बाद राज्य की क्षतिग्रस्त सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि 15 अक्टूबर तक प्रदेश की सभी सड़कों को हर हाल में गड्ढामुक्त किया जाए।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से राज्य के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में मानसून, सड़कों की स्थिति, चारधाम यात्रा, सत्यापन अभियान समेत विभिन्न विषयों पर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून के दौरान बारिश और आपदा से जहां भी सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, उनका तत्काल चिन्हीकरण कर प्रस्ताव तैयार किया जाए। मानसून समाप्त होते ही सड़कों, मार्गों और ड्रेनेज व्यवस्था के पुनर्निर्माण का काम शुरू किया जाए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

धामी ने अधिकारियों को अपने फोन चालू रखने और किसी भी परिस्थिति में संपर्क से बाहर नहीं रहने के निर्देश भी दिए। साथ ही पांच वर्ष की अवधि पूरी कर चुकी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) की सड़कों का ब्योरा जुटाने को कहा।

सौर ऊर्जा से रोजगार और बिजली उत्पादन को बढ़ावा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना राज्य में हरित ऊर्जा के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रही है। सरकार ने योजना के तहत 250 मेगावाट सौर ऊर्जा क्षमता विकसित करने का लक्ष्य रखा है।

जून 2026 तक राज्य में 1,132 सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिनकी कुल क्षमता करीब 210 मेगावाट बताई गई है। इन परियोजनाओं से लगभग 3,500 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की बात कही गई है।

टिहरी सौर ऊर्जा उत्पादन में सबसे आगे

सौर ऊर्जा परियोजनाओं में टिहरी जिला सबसे आगे बताया गया है। यहां 369 सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित हैं, जिनकी कुल क्षमता 69,050 किलोवाट है। उत्तरकाशी में 227 संयंत्रों से 43,660 किलोवाट और चंपावत में 144 संयंत्रों से 28,200 किलोवाट क्षमता स्थापित हुई है।

इसके अलावा हरिद्वार, पौड़ी, चमोली, अल्मोड़ा समेत अन्य जिलों में भी सौर ऊर्जा परियोजनाएं संचालित हैं।

सत्यापन अभियान में तेजी के निर्देश

मुख्यमंत्री ने 1905 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए। उन्होंने राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं में अपात्र लाभार्थियों का सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल पात्र लोगों तक पहुंचे। साथ ही मुख्यमंत्री घोषणाओं में स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने, कांवड़ यात्रा के बाद स्वच्छता अभियान चलाने और नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें बारिश में कच्चा मकान भरभराकर गिरा, आधा दर्जन लोग घायल

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें