घने कोहरे के कारण हाईवे पर भीषण हादसा, 7–8 वाहन आपस में टकराए

घने कोहरे के कारण हाईवे पर भीषण हादसा, 7–8 वाहन आपस में टकराए

संवाददाता योगेन्द्र सिंह

एटा जनपद में घने कोहरे ने एक बार फिर सड़क हादसे को दावत दे दी। कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत रामपुर घनश्याम गांव के समीप स्थित हाईवे पर शुक्रवार सुबह घने कोहरे के चलते एक के बाद एक 7 से 8 वाहन आपस में टकरा गए। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, जिस वजह से वाहन चालकों को आगे चल रहे वाहनों का अंदाजा नहीं हो सका और यह श्रृंखलाबद्ध टक्कर हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे में कई लोगों के घायल होने की संभावना है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने तत्काल हाईवे पर यातायात को नियंत्रित किया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने का कार्य शुरू कराया, जिससे आवागमन सुचारू हो सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान सावधानी बरतें, धीमी गति से वाहन चलाएं और फॉग लाइट का प्रयोग अवश्य करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें