जनपद एटा के सकीट कस्बे में मोटरसाइकिल के इंजन में घुसा साँप, घंटों की मशक्कत के बाद निकाला गया

जनपद एटा के सकीट कस्बे में मोटरसाइकिल के इंजन में घुसा साँप, घंटों की मशक्कत के बाद निकाला गया

संवाददाता योगेन्द्र सिंह

सकीट। बुधवार की शाम कस्बा सकीट में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मोटरसाइकिल के अंदर अचानक साँप घुस गया। यह हैरान कर देने वाली घटना कस्बा निवासी प्रवेश कुमार के साथ उस समय हुई, जब वे अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे।
शाम करीब आठ बजे प्रवेश कुमार मानिक तिराहे पर किसी आवश्यक कार्य से रुके थे। बातचीत समाप्त कर जब वे दोबारा मोटरसाइकिल के पास पहुँचे, तभी अचानक एक साँप बाइक के अंदर घुसता दिखाई दिया। साँप को देखते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए प्रवेश कुमार ने तुरंत मोटरसाइकिल से दूरी बना ली और आसपास मौजूद लोगों को इसकी सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने साहस दिखाकर साँप को बाहर निकालने का प्रयास किया, तो किसी ने डंडों और अन्य साधनों का सहारा लिया, लेकिन साँप मोटरसाइकिल के अंदर गहराई में छिपा रहा।
काफी देर तक की मशक्कत के बाद भी साँप बाहर नहीं आया, जिससे लोगों की घबराहट और बढ़ गई। अंततः घंटों की कोशिशों के बाद साँप को सुरक्षित तरीके से मोटरसाइकिल से बाहर निकाला जा सका। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।
हालांकि घटना के बाद भी स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में साँपों की बढ़ती गतिविधि चिंता का विषय है और प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें