साइबर हेल्प डेस्क की तत्परता से ठगी के शिकार लोगों को मिली राहत, 22 हजार रुपये लौटे।
संवादाता अमन अहमद।
एटा। जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और पीड़ितों को त्वरित राहत प्रदान करने के उद्देश्य से एटा पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में थाना अलीगंज की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों में पीड़ितों की कुल 22 हजार रुपये की धनराशि वापस कराई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन के निर्देशन में संचालित साइबर जागरूकता एवं अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) योगेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह तथा क्षेत्राधिकारी साइबर नीतीश गर्ग के पर्यवेक्षण में थाना अलीगंज पुलिस ने शिकायत प्राप्त होते ही त्वरित कदम उठाए। जांच के दौरान साइबर ठगों के खातों में पहुंची रकम को समय रहते होल्ड कराया गया, जिसके बाद आवश्यक कानूनी और तकनीकी प्रक्रिया पूरी कर धनराशि पीड़ितों के खातों में वापस करा दी गई। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर दोनों पीड़ितों ने साइबर हेल्प डेस्क टीम और एटा पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक, कॉल या ऑनलाइन ऑफर पर भरोसा न करें तथा साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम पुलिस स्टेशन से संपर्क करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके।












