भयहरणनाथ धाम में नागपंचमी पर सजा घुघुरी लोक उत्सव, विशिष्ट व्यक्तित्वों का हुआ सम्मान
संवाददाता कुमुद मिश्रा
प्रतापगढ़। प्रसिद्ध पांडवकालीन धार्मिक एवं पर्यटन स्थल भयहरणनाथ धाम में सावन मेला के अंतर्गत नागपंचमी के अवसर पर रविवार को भव्य “घुघुरी लोक उत्सव” का आयोजन किया गया। भयहरणनाथ धाम क्षेत्रीय विकास संस्थान, बकुलाही पुनरोद्धार अभियान एवं कटरा गुलाब सिंह नागरिक विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में समाज और जनपद की सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों को प्रतापगढ़ गौरव सम्मान, बाबू गुलाब सिंह समाज रत्न एवं गुड़िया सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वनाथगंज विधायक जीत लाल पटेल ने पारंपरिक कजरी का गायन कर उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि जो समाज अपनी परंपरा, लोक संस्कृति और विरासत को जीवंत रखता है, वह सदैव समाज के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिलाधिकारी प्रतापगढ़ एवं पूर्व आयुक्त आरएस वर्मा ने की।
कार्यक्रम के संयोजक एवं महासचिव समाज शेखर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए भयहरणनाथ धाम के विकास एवं गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। नगर पंचायत कटरा गुलाब सिंह के अध्यक्ष अशोक कुमार मुन्ना यादव ने भी सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। समारोह में प्रतापगढ़ गौरव सम्मान से साहित्यकार सुनील प्रभाकर, पूर्व प्रवक्ता जीजीआईसी जया मोहन श्रीवास्तव, राष्ट्रीय पार्श्व एवं लोकगायिका प्रतिमा मिश्रा तथा राष्ट्रीय गीतों की रचनाओं के लिए ओम प्रकाश गुप्त को सम्मानित किया गया। वहीं अमर क्रांतिकारी बाबू गुलाब सिंह समाज रत्न सम्मान से जांबाज हिन्दुस्तानी सेवा समिति के अध्यक्ष आलोक आजाद, लोक भारती प्रतापगढ़ के संयोजक डीके शर्मा, सुप्रसिद्ध व्यवसायी दिनेश अग्रहरि, अग्रणी किसान राजेंद्र प्रसाद पटेल तथा किसान नेता मो. जलालउद्दीन को सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट योगदान के लिए महिलाओं को गुड़िया सम्मान प्रदान किया गया। इसमें प्रयाग महिला विद्यापीठ प्रयागराज की पूर्व विभागाध्यक्ष हिन्दी डॉ. उषा मिश्रा, उच्च न्यायालय इलाहाबाद की अधिवक्ता आकांक्षा सिंह, नीट परीक्षा उत्तीर्ण अंजलि वैश्य, किसान नेता नीतू गौतम, शिक्षाविद् डॉ. रीता सिंह तथा ब्यूटी पार्लर एवं सिलाई केंद्र की संचालिका अंशू सिंह शामिल रहीं। कार्यक्रम में उपस्थित न हो पाने वाले चयनित सम्मानित व्यक्तित्वों को प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से शीघ्र सम्मान प्रदान करने का निर्णय भी लिया गया।
उत्सव में लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सावनी गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। लोकगायक अजब नारायण पांडेय एवं उनके साथियों की प्रस्तुतियों को खूब सराहा गया। इसके साथ ही दो किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता आयोजित कर विजेताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान साहित्य भूषण सम्मान से विभूषित जनकवि प्रकाश जी की 56वीं कृति “वो पथिक प्रिय” का लोकार्पण किया गया। इसके बाद आयोजित विराट कवि सम्मेलन में जनकवि जय प्रकाश शर्मा, नजर इलाहाबादी, डॉ. उषा मिश्रा, डॉ. अशोक अग्रहरि, सुनील प्रभाकर एवं विवेक सुमन सहित नामचीन कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह में प्रमुख रूप से महंत महेशाश्रम जी महाराज, धाम अध्यक्ष राज कुमार शुक्ल, उपाध्यक्ष वित्त राजीव नयन मिश्र, पतंजलि योग पीठ के मार्गदर्शक गुरु राजेंद्र अग्रहरि ‘मुन्ना जी’, मंदिर व्यवस्था समिति के सचिव मुरली पांडेय, मेला समिति के शत्रुघ्न सिंह, मनीराम पटेल, आदर्श पांडेय, हेमराज अग्रहरि एवं कार्यालय प्रभारी नीरज मिश्र सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। लोक संस्कृति, साहित्य, सम्मान और सामाजिक सरोकारों से सजे इस आयोजन ने भयहरणनाथ धाम की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत किया।
ये भी पढ़ें मिरहची पुलिस की कार्रवाई, अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी दबोचा












