जलेसर रोड पर दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत, तीन गंभीर घायल
सावंददाता – अश्वनी कुमार
हाथरस। जलेसर रोड स्थित नगला खान गांव के पास शुक्रवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें दो किशोर समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को जिला अस्पताल पहुँचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें अलीगढ़ के हायर सेंटर रेफर कर दिया।घायल किशोरों की पहचान चंदपा थाना क्षेत्र के पैकवाड़ा गांव निवासी 15 वर्षीय शेखर (पुत्र महेश) और 15 वर्षीय सौरभ (पुत्र अशोक) के रूप में हुई है। दोनों खेतों से बाइक द्वारा अपने गांव लौट रहे थे। दूसरी बाइक पर सहपऊ थाना क्षेत्र के महरारा गांव निवासी 19 वर्षीय सुनील (पुत्र गिर्राज) सवार था, जो एक शादी समारोह से लौट रहा था।
नगला खान के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत से तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित कर यातायात सुचारू कराया। देर रात तीनों की नाजुक हालत देखते हुए उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।












