एटा में भीषण सड़क हादसा
जिला संवाददाता काव्यांश रावत

स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर में तीन की मौत, चालक घायल
एटा जनपद के थाना सकरौली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर बाइक से जा टकराई। बताया जा रहा है कि सड़क पर पैदल जा रहे एक व्यक्ति को बचाने के प्रयास में स्कॉर्पियो चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही बाइक सवार दो लोगों और पैदल जा रहे व्यक्ति की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सकरौली प्रभारी नित्यानंद पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायल कार चालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस घटना से इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।












