पांच सूत्रीय मांगों को लेकर पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, प्रशासनिक कार्य प्रभावित
संवाददाता: योगेश भदोरिया, इंदौर

इंदौर। अपनी लंबित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर जिले के पटवारियों ने मंगलवार शाम से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के पहले ही दिन पटवारियों ने अपने आधिकारिक बस्ते जमा कर दिए और विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप छोड़ दिए। इसके साथ ही उन्होंने नियमित शासकीय कार्यों से स्वयं को अलग कर लिया है।
पटवारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिसके चलते उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
हड़ताल के दौरान जिले के सभी पटवारी निर्धारित धरना स्थल पर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस आंदोलन का सीधा असर राजस्व विभाग के दैनिक कार्यों पर पड़ने की संभावना है। नामांतरण, सीमांकन, आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्रों से संबंधित राजस्व प्रक्रियाओं सहित अन्य शासकीय कार्य प्रभावित हो सकते हैं, जिससे आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। पटवारियों ने शासन से जल्द वार्ता कर उनकी पांच सूत्रीय मांगों का समाधान करने की अपील की है, ताकि राजस्व कार्य सामान्य रूप से संचालित हो सकें।












