काली नदी पुल के नीचे झाड़ियों में मिला मासूम का शव
मंडल संवाददाता अमित चौहान
सीओ ने किया मौका मुआयना, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर किया शिनाख्त का प्रयास
कासगंज। जनपद के ढोलना थाना क्षेत्र में रविवार सुबह सनसनी फैल गई जब नरायनी गांव के समीप काली नदी पुल के नीचे झाड़ियों में एक मासूम बच्ची का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मौके पर पहुंची सीओ सदर आंचल चौहान ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और स्थानीय ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि शव की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। मृतका की पहचान कराने के प्रयास सोशल नेटवर्किंग और आसपास के थानों के माध्यम से जारी हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस पर 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि शिनाख्त होने के बाद ही मृत्यु के कारण और घटनाक्रम को लेकर अधिक जानकारी सामने आ सकेगी।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना स्थल सुनसान क्षेत्र में स्थित है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि शव कहीं और से लाकर यहां फेंका गया हो सकता है। फिलहाल पुलिस हर संभावित पहलू पर जांच कर रही है।












