मैनपुरी जिला अस्पताल में इलाज में लापरवाही से युवक की मौत!
संवाददाता – पंकज मिश्रा, मैनपुरी
मैनपुरी। जिले के जिला अस्पताल में इलाज में लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। सोमवार की देर रात 24 वर्षीय युवक अमर पांडेय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण अमर ने दम तोड़ दिया। अमर अपनी मां का इकलौता बेटा था। पिता की मौत कुछ साल पहले ही हो चुकी थी। बेटे की मौत के बाद से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। परिजनों ने जिला अस्पताल और जिम्मेदार डॉक्टरों के खिलाफ कड़ा विरोध जताया है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हुआ। मैनपुरी डीएम ने मामले की जांच हेतु 5 डॉक्टरों की टीम गठित कर दी है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो पाएगी।मृतक के परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, जिला अस्पताल प्रशासन ने किसी भी लापरवाही से इंकार करते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक किसी भी निष्कर्ष पर न पहुंचने की बात कही है।
इस घटना ने जिला अस्पताल की कार्यशैली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि जांच में क्या निकलकर आता है और प्रशासन दोषियों के खिलाफ क्या कदम उठाएगा।












