दिव्यांग कल्याण के लिए श्री वराह जन सेवा दिव्यांग समिति ने उठाई आवाज,
मंडल संवाददाता अमित चौहान
प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की गई है
श्री वराह जन सेवा दिव्यांग समिति ने दिव्यांगजन कल्याण से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर आवाज उठाते हुए उप-जिलाधिकारी कासगंज को कड़ा अनुस्मारक पत्र भेजा है। समिति ने कहा कि पहले भी कई बार पत्राचार किया जा चुका है, लेकिन अब तक अपेक्षित निस्तारण नहीं हुआ है।
समिति ने अपने पत्र में तीन प्रमुख मुद्दों पर ध्यान आकर्षित किया है—
1. दिव्यांग सांस्कृतिक कार्यक्रम की वीडियो और फोटोग्राफी उपलब्ध कराने की मांग
समिति ने बताया कि मेला मार्गशीर्ष 2024 में दिव्यांग दिवस के अवसर पर 20 दिसम्बर को दिव्यांग सांस्कृतिक एवं सामूहिक सम्मेलन आयोजित किया गया था। उक्त कार्यक्रम की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी जिला प्रशासन द्वारा शासकीय धनराशि से कराई गई थी, जिसे शासन को भेजा जाना था।
संस्था का कहना है कि आयोजन का भुगतान संस्था को कर दिए जाने के बावजूद संबंधित रिकॉर्ड अब तक उपलब्ध नहीं कराया गया है। समिति ने मांग की है कि भविष्य में ऐसे आयोजनों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और रिकॉर्ड समिति को उपलब्ध कराया जाए।
2. दिव्यांग प्रमाणपत्र और योजनाओं के लाभ में पारदर्शिता की आवश्यकता
समिति ने शासन से अनुरोध किया है कि दिव्यांग प्रमाणपत्र निर्गमन और योजनाओं के लाभ वितरण में पूर्ण पारदर्शिता रखी जाए। आय एवं योग्यता जांच प्रक्रिया को सरल और मानवीय बनाया जाए ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न हो।
3. दिव्यांग महिला के भूमि प्रकरण में अनियमितता का सुधार
समिति ने ज्ञानदेवी (निवासी मानपुर नगिरिया, सोरों) नामक दिव्यांग महिला के भूमि प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा है कि लेखपाल द्वारा गलत अंश दर्ज कर दिया गया है। समिति ने इस प्रकरण की जांच कराकर तत्काल सुधार तथा दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
अंत में समिति ने प्रशासन से आग्रह किया है कि इन सभी मुद्दों का त्वरित और पारदर्शी निस्तारण किया जाए, ताकि दिव्यांगजन को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।












