पत्रकार हत्याकांड का खुलासा: STF और पुलिस की मुठभेड़ में दोनों शूटर ढेर

सीतापुर में पत्रकार हत्याकांड का खुलासा: STF और पुलिस की मुठभेड़ में दोनों शूटर ढेर, पुजारी ने दी थी 4 लाख की सुपारी

सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने दोनों शूटरों को मुठभेड़ में मार गिराया। दोनों आरोपी रिजवान राजू और अकील खान उर्फ संजय सगे भाई थे और दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

घटना पिसावा थाना क्षेत्र की है, जहां देर रात STF और पुलिस की टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए और इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

हत्या की पृष्ठभूमि

यह मामला 8 मार्च 2025 का है, जब पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी की हाईवे पर उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वे अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे। हमलावरों ने रास्ता रोककर उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं और फरार हो गए।

पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस हत्या की साजिश कारदेव बाबा मंदिर के पुजारी शिवानंद बाबा उर्फ विकास राठौर ने रची थी। बताया गया कि पत्रकार ने पुजारी को मंदिर परिसर में आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया था। इससे नाराज होकर पुजारी ने 4 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या करवा दी थी। पुजारी पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजा जा चुका है।

इस सनसनीखेज हत्याकांड में अब STF ने दोनों शूटरों को ढेर कर पूरे मामले का पटाक्षेप कर दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की गहन जांच अब भी जारी है।

यह मुठभेड़ पुलिस और STF की साझा कार्रवाई का अहम हिस्सा रही, जिसने पत्रकार की हत्या जैसे गंभीर अपराध में शामिल अपराधियों को उनके अंजाम तक पहुंचा दिया।

ये भी पढ़ें एटा: त्यौहारों को देखते हुए पुलिस की सख्त पैदल गश्त, आमजन को सुरक्षा का भरोसा

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें