अटल आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2026-27 हेतु आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी
22 फरवरी को होगी कक्षा 6 एवं 9 की प्रवेश परीक्षा
संवाददाता: पवन सूर्यवंशी. गाजियाबाद। अटल आवासीय विद्यालय, ग्राम कौन्दू (जनपद बुलन्दशहर) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6 एवं कक्षा 9 में प्रवेश हेतु परीक्षा का आयोजन 22 फरवरी 2026 को किया जाएगा। इस प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है।
प्रवेश परीक्षा के लिए अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त हों, इसके उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी गाजियाबाद श्री अभिनव गोपाल के निर्देशन में श्रम विभाग द्वारा निर्माण श्रमिकों को जागरूक करने के लिए लेबर अड्डों एवं ग्राम पंचायतों में लगातार कैम्प लगाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में दिनांक 17 जनवरी 2026 को लेबर अड्डा संजय नगर गाजियाबाद सहित ग्राम सुठारी, सुराना, कुम्हेड़ा, सुल्तानपुर, मनौली, चिलकपुर चाकर एवं रेवड़ी-रेवड़ा में श्रम विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कैम्प आयोजित किए गए।
कैम्प के दौरान श्रम विभाग द्वारा निर्माण श्रमिकों को विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं—अटल आवासीय विद्यालय योजना, मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना, संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना, कन्या विवाह सहायता योजना, निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना तथा मानधन पेंशन योजना—के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर लगभग 120 श्रमिकों को योजनाओं से संबंधित पम्पलेट भी वितरित किए गए।

श्रमिकों को यह भी बताया गया कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर श्रमिक सुविधा केन्द्र (लेबर अड्डा) योजना के अंतर्गत लेबर अड्डों पर श्रमिक सुविधा केन्द्रों का निर्माण प्रस्तावित है, जहां श्रमिकों के लिए चाय, नाश्ता/भोजन एवं कौशल विकास प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए नगर निगम द्वारा भूमि की तलाश की जा रही है।
कैम्प के दौरान अटल आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा हेतु 10 निर्माण श्रमिकों से आवेदन पत्र प्राप्त किए गए, जबकि 20 श्रमिकों का नया पंजीकरण एवं 10 श्रमिकों का नवीनीकरण कराया गया।
इस अवसर पर श्री जितेन्द्र सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, गाजियाबाद ने सभी निर्माण श्रमिकों से अपील की कि जिन श्रमिकों का पंजीकरण नहीं है, वे शीघ्र पंजीकरण कराएं तथा जिनका नवीनीकरण लंबित है, वे जनसेवा केन्द्र अथवा श्रम विभाग कार्यालय, लोहिया नगर गाजियाबाद में जाकर नवीनीकरण अवश्य करा लें, ताकि श्रम विभाग के अंतर्गत संचालित जन्म से मृत्यु तक की सभी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया जा सके।
ये भी पढ़ें मिनीकिट/बीज की ई—लॉटरी हेतु करें आवेदन,पोर्टल पर बीज हेतु बुकिंग हो चुकी है प्रारम्भ: उप कृषि निदेशक












