केंद्रीय विद्यालय के पास बड़ा हादसा टला
जिला संवाददाता काव्यांश रावत
ट्रेलर की चपेट में आने से ट्रैक्टर-ट्राली पलटी, कोई हताहत नहीं
एटा। थाना मलावन क्षेत्र के अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय के सामने शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। सूचना मिलते ही हाईवे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई और तुरंत बचाव व राहत कार्य शुरू कर दिया। ट्रैक्टर चालक फर्रुखाबाद जिले के संकीसा क्षेत्र से धान लेकर एटा मंडी आ रहे थे। अचानक हुए हादसे के बाद कुछ समय तक सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई, जिसे टीम ने नियंत्रित किया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रेलर की तेज गति हादसे की मुख्य वजह प्रतीत होती है। समय पर सहायता मिलने के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। पुलिस ने ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।












