मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने की समीक्षा बैठक, दिए कड़े निर्देश जनपद को स्वच्छ, सुरक्षित और विकासशील बनाने पर जोर
मंडल ब्यूरो अमित चौहान
कासगंज। गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा, जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप सहित जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी सचिन और सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचे। बैठक में विभागवार विकास कार्यों और लाभार्थीपरक योजनाओं की समीक्षा की गई। मंत्री चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक हर हाल में पहुँचे और कोई भी पात्र वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी गांव-गांव जाकर योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण करें और लाभार्थियों से सीधे फीडबैक लें।
शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाएं प्राथमिकता में
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, सड़क, पेंशन, छात्रवृत्ति, स्वच्छ भारत मिशन सहित कई विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने कहा कि जनपद को साफ-सुथरा, सुरक्षित और विकासशील बनाने की जिम्मेदारी प्रशासन और पुलिस दोनों की है।
उन्होंने विद्यालयों में बिजली कनेक्शन, मिड-डे मील की गुणवत्ता, डॉक्टरों की उपलब्धता, दवाओं और एम्बुलेंस व्यवस्था जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों ने उठाईं समस्याएं
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की समस्याएं भी रखीं, जिन पर संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।लाभार्थियों को बांटे चेक और टूलकिट
इस अवसर पर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को ऋण चेक और टूलकिट का वितरण भी किया गया।












