प्रतापगढ़ में पुलिस की मानवीयता ने बचाई नवजात बच्ची की जान
संवाददाता: रोहित वर्मा, प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में इंसानियत और कर्तव्यनिष्ठा की एक मिसाल सामने आई है। कोतवाली देहात क्षेत्र के मोहनगंज चौकी अंतर्गत देवघाट पुल के नीचे एक नवजात बच्ची के रोने की आवाज सुनकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली देहात से तैनात कॉन्स्टेबल धनंजय सिंह, मनीष पांडेय और महिला कॉन्स्टेबल रूबी यादव मौके पर पहुंचे। पुल के नीचे उतरकर उन्होंने बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला। बच्ची की हालत नाजुक थी, जिसे देखते हुए उसे फौरन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।
मेडिकल कॉलेज में वेंटिलेटर की सुविधा न होने के कारण बच्ची को प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया गया। इस दौरान कॉन्स्टेबल धनंजय सिंह और रूबी यादव ने बच्ची को प्रयागराज पहुंचाने की जिम्मेदारी खुद उठाई।
इस संवेदनशील और साहसिक कार्रवाई की स्थानीय लोगों के बीच खूब सराहना हो रही है। प्रतापगढ़ पुलिस की तत्परता और मानवीय रुख ने एक मासूम की जान बचाई और पुलिस की सकारात्मक छवि को और भी मजबूत किया।
ये भी पढ़ें कुंडा में सिविल बार एसोसिएशन का नारा: अबकी बार, केवल विकास












