संविधान दिवस पर प्रतापगढ़ पुलिस ने ली शपथ, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने का लिया संकल्प
संवाददाता– अमित कुमार शुक्ला, प्रतापगढ़
प्रतापगढ़।
आज दिनांक 26 नवंबर 2025 को संविधान दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर द्वारा पुलिस कार्यालय प्रतापगढ़ में उपस्थित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान संविधान निर्माताओं के योगदान, मूल अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। एसपी दीपक भूकर ने कहा कि भारतीय संविधान न केवल देश की सर्वोच्च विधि है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक और पुलिस कर्मी को न्याय, स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुत्व के मूल सिद्धांतों को पालन करने की दिशा में प्रेरित करता है। उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि संविधान दिवस हमें अपने कर्तव्यों के प्रति अधिक सजग, उत्तरदायी व संवेदनशील बनने का संदेश देता है। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री शैलेन्द्र लाल, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी श्री बृजनन्दन राय, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर श्री प्रशान्त राज, क्षेत्राधिकारी लाइन श्री शिवनारायण वैस सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, निरीक्षक, उपनिरीक्षक, आरक्षी तथा कार्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।
सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की सर्वोच्चता बनाए रखने, विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, मानवाधिकारों की रक्षा करने तथा अपने दैनिक कर्तव्यों का निष्पक्ष, निष्ठापूर्वक और पारदर्शी ढंग से निर्वहन करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम शांति और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ।












