ढाबे पर छापा घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर एफआईआर दर्ज
जिला संवाददाता काव्यांश रावत
एटा, 14 मार्च 2026। जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह के निर्देशों के क्रम में जनपद में घरेलू रसोई गैस के दुरुपयोग को रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त निगरानी की जा रही है। इसी अभियान के तहत क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी के नेतृत्व में एक ढाबे पर छापामार कार्रवाई की गई, जहां घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) का अवैध रूप से व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। जिला पूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि देर शाम एटा–कासगंज रोड स्थित रेलवे अंडरपास के निकट गोपाल फैमिली ढाबा पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में छापा मारा गया। निरीक्षण के दौरान ढाबे के चूल्हे में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग करते हुए पाया गया, जो नियमों के विरुद्ध है।
कार्रवाई के दौरान मौके से भरा हुआ गैस सिलेंडर कब्जे में ले लिया गया। ढाबा संचालक धर्मेंद्र कुमार उर्फ बाबूलाल हलवाई के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत संबंधित थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बरामद गैस सिलेंडर को मैसर्स फौजी गैस एजेंसी की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












