जमीन के झगड़े में महिला पर फावड़े से हमला: एटा के राजा का रामपुर में तीन लोगों पर केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
संवाददाता अमन अहमद
एटा। राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के नगला नौगजा गांव में पारिवारिक जमीन के विवाद को लेकर शनि
वार दोपहर एक महिला पर फावड़े से हमला कर दिया गया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना शनिवार दोपहर करीब 12 बजे की है। नगला नौगजा निवासी आरती देवी पत्नी बृजेश कुमार ने बताया कि वह अपने घर में बैठी थीं, तभी उनके ससुर के भाई राजपाल, और उनके भतीजे राकेश व बलराम घर में घुस आए। आरती देवी के अनुसार, उनके पति बृजेश को ससुर कुंवर पाल ने गोद लिया था। ससुर ने अपनी कुछ जमीन अपने भाई राजपाल के नाम कर दी थी, जबकि शेष जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बृजेश अपने पिता से जमीन अपने या पत्नी के नाम कराने की मांग कर रहे थे, इसी बात पर परिवार में तनाव बना हुआ था। शनिवार को विवाद बढ़ गया। आरोप है कि राजपाल, राकेश और बलराम ने बृजेश को पकड़ लिया, और जब आरती देवी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो राजपाल ने उनके सिर पर फावड़े से वार कर दिया। आरती देवी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं, जबकि तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल आरती देवी और उनके पति बृजेश कुमार ने राजा का रामपुर कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि यह एक पारिवारिक जमीनी विवाद है। पीड़िता की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है और मामले की जांच जारी है।












