जैथरा में सड़क हादसा: अज्ञात बाइक सवार की टक्कर से अधेड़ घायल, हायर सेंटर रेफर
संवाददाता: धर्मेंद्र चौहान
एटा। जनपद के कस्बा जैथरा में रविवार दोपहर एक सड़क हादसे में अधेड़ व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि
एक अज्ञात बाइक सवार ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। यह हादसा रविवार शाम करीब 3:30 बजे कोतवाली जैथरा के सामने हुआ। घटना में घायल व्यक्ति की पहचान 45 वर्षीय पंछी लाल निवासी चमन नगरिया, जैथरा के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को जैथरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एटा हायर सेंटर रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी रितेश ठाकुर ने बताया कि घायल को तुरंत सीएचसी भेजा गया था, जहां से उसे एटा रेफर किया गया है। अज्ञात बाइक सवार और वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












