एटा में रोडवेज बस ने ऑटो को मारी जोरदार टक्कर: चालक सहित तीन लोग घायल, पुलिस ने पहुंचकर संभाला मोर्चा।
संवादाता अमन अहमद।
एटा जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा उस समय हो गया जब तेज रफ्तार रोडवेज बस ने सवारी लेकर अवागढ़ से एटा आ रहे एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। यह दुर्घटना कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के आगरा रोड स्थित नगला किसी के पास हुई, जहाँ अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में ऑटो चालक रवि पुत्र किशन स्वरूप निवासी नगला राना थाना अवागढ़, सवारी संदीप पुत्र मोहनलाल निवासी पमास कोतवाली देहात और उसकी पत्नी पूनम घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना 112 डायल पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति को संभालते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोडवेज बस तेज रफ्तार में थी और अचानक ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और बस चालक से पूछताछ की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और लापरवाही भरे ड्राइविंग के खतरों को उजागर कर दिया है।












