जलेसर में अवैध सोरा फैक्ट्री पर बवाल प्रदूषण से फसलें बर्बाद, ग्रामीण बीमारियों से परेशान – आज़ाद समाज पार्टी ने उठाई आवाज़
संवाददाता – योगेंद्र सिंह जलेसर (एटा)। जनपद एटा के जलेसर क्षेत्र में चल रही अवैध सोरा फैक्ट्री को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। किसानों का कहना है कि फैक्ट्री से निकलने वाले प्रदूषित धुएं और गंदे पानी की वजह से उनकी मेहनत से खड़ी की गई फसलें चौपट हो रही हैं। वहीं, जहरीली हवा और प्रदूषण के कारण ग्रामीणों में खांसी, सांस की दिक्कत और चर्म रोग जैसी बीमारियाँ तेजी से फैल रही हैं।
ग्रामीणों की इस पीड़ा को लेकर आज़ाद समाज पार्टी खुलकर मैदान में आ गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय किसानों ने संयुक्त रूप से एक ज्ञापन तैयार कर मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए जलेसर एसडीएम भावना विमल को सौंपा। ज्ञापन में फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से बंद कराने, प्रदूषण से प्रभावित किसानों को उचित मुआवज़ा दिलाने और जिम्मेदार फैक्ट्री संचालकों तथा अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है।
गाँव के बुजुर्गों का कहना है कि जब से फैक्ट्री चालू हुई है, खेतीबाड़ी की हालत लगातार बिगड़ रही है। धान और आलू की पैदावार प्रभावित हुई है और सब्जियों की खेती भी अब मुश्किल हो गई है। ग्रामीण महिलाओं ने भी आरोप लगाया कि जहरीली गंध और धुएं के कारण बच्चों और बुजुर्गों का स्वास्थ्य खतरे में है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो वे मजबूर होकर प्रदूषण विभाग के कार्यालय का घेराव करेंगे। इस चेतावनी से प्रशासन की चिंता और बढ़ गई है।
इस बीच, एसडीएम भावना विमल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि प्रदूषण के आरोपों की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित कर दी गई है। टीम मौके पर जाकर फैक्ट्री के संचालन और उसके प्रभाव का आकलन करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि उनकी लंबे समय से चली आ रही परेशानी का समाधान जल्द मिलेगा। हालांकि, प्रशासन की कार्रवाई पर ही आगे की तस्वीर साफ होगी।
ये भी पढ़ें मलावन पुलिस की बड़ी कामयाबी: अवैध तमंचे संग युवक गिरफ्तार













