एसआईआर के लिए एसडीएम उतरे मैदान मे
संवाददाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी।
मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) को गति देने के उद्देश्य से एसडीएम कुरावली नीरज द्विवेदी स्वयं मैदान में उतर आए। शनिवार को उन्होंने अपने कर्मचारियों व बीएलओ के साथ क्षेत्र के गांव दिवरई का दौरा किया, जहां उन्होंने ग्रामीणों और मतदाताओं के साथ बैठक कर अभियान की जानकारी दी।एसडीएम ने कहा कि 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलने वाले विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत लेखपालों और बीएलओ को घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं का सत्यापन करना होगा। प्रत्येक परिवार के सदस्यों की उम्र, पहचान पत्र और पुराने मतदाता सूची से मिलान कर नई प्रविष्टियां की जाएंगी। उन्होंने निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के नाम तत्काल मतदाता सूची में जोड़े जाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। एसडीएम नीरज द्विवेदी ने बताया कि जो युवा 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष के हो जाएंगे, उनके नाम भी इस बार की सूची में जोड़े जाएंगे। उन्होंने बताया कि भरे गए प्रपत्रों को वर्ष 2003 और 2025 की मतदाता सूची से मिलान कर 11 निर्धारित पहचान पत्रों के आधार पर ही मतदाता का नाम जोड़ा जाएगा। साथ ही यह भी कहा कि फार्म भरते समय सफेद पृष्ठभूमि वाला फोटो अनिवार्य रूप से लगाया जाए। एसडीएम ने यह भी बताया कि 19 दिसंबर से 8 जनवरी तक दावे और आपत्तियों को सुना जाएगा, जबकि 7 फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
इस मौके पर क्षेत्र के कर्मचारी, बीएलओ और ग्रामीण मौजूद रहे।












