भाजपा की बयानबाजी पर सपा नेताओं का पलटवार
संवाददाता रोहित कुमार
इटावा। भाजपा नेताओं की ओर से की जा रही बयानबाजी को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पूर्व जिला अध्यक्ष गोपाल यादव और चेयरमैन कुलदीप गुप्ता उर्फ संटू ने कहा कि यदि भाजपा लोकतंत्र के खिलाफ गलत बयानबाजी करेगी तो समाजवादी लोग चुप नहीं बैठेंगे। सपा नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में सभी दलों को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन किसी भी प्रकार की भड़काऊ या असंवैधानिक टिप्पणी जनता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। गोपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। वहीं कुलदीप गुप्ता उर्फ संटू ने कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब भी देगी। सपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाती रहेगी।












