प्रतापगढ़ में मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय का सख्त संदेश, जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

प्रतापगढ़ में मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय का सख्त संदेश, जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

जिला संवाददाता अमित शुक्ला

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें।

बैठक में मंत्री ने गौशालाओं में साफ-सफाई, हरे चारे और निराश्रित गोवंशों के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों का सर्वे शीघ्र पूरा कर आवास उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

उन्होंने स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, छात्र-छात्राओं की ड्रेस का सम्मान बनाए रखने तथा शिक्षा विभाग को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

खाद्य एवं रसद विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने राशन कार्ड से वंचित पात्र परिवारों के लिए विशेष शिविर आयोजित करने, सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पूरी पारदर्शिता से संचालित करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके अलावा जनपद में निर्माणाधीन 71 अन्नपूर्णा भवनों का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश भी दिए।

मंत्री ने श्रमिकों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर बल दिया। बरसात के मौसम को देखते हुए नगर निकायों को नालों की सफाई, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था तथा जलभराव की समस्या से निपटने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

बैठक में स्वास्थ्य, कृषि, जल जीवन मिशन एवं विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ के तहत लगाए गए पौधों के संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की अपील की।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें