जनपद एटा डीएम-एसएसपी का औचक निरीक्षण, हर व्यवस्था की बारीकी से जांच”
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर जनपद एटा में प्रशासन पूरी तरह सख्त और सतर्क नजर आ रहा है। परीक्षा की निष्पक्षता और शुचिता बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी अरविंद सिंह और एसएसपी डॉ. इलामारन ने संयुक्त रूप से कोतवाली नगर क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक 
निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लेते हुए संबंधित जिम्मेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी और एसएसपी ने श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज तथा महारानी लक्ष्मीबाई बालिका इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता, स्वच्छता की स्थिति और बिजली आपूर्ति की निरंतरता को बारीकी से परखा। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों से संवाद कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति जानी और आवश्यक सुधार के निर्देश भी मौके पर ही दिए। इस दौरान एडीएम प्रशासन सत्यप्रकाश सिंह, एसपी सिटी श्वेताभ पाण्डेय समेत अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारीगण भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों के बाहर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया, साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी बाहरी या संदिग्ध व्यक्ति केंद्र के आसपास अनावश्यक रूप से न ठहरे। निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी गतिविधियों की लगातार निगरानी की जाए और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित हो। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की सक्रियता और सूचना के त्वरित आदान-प्रदान पर विशेष जोर दिया गया। प्रशासन ने परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और मानकों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी और एसएसपी ने दो टूक शब्दों में कहा कि परीक्षा की पवित्रता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और यदि कहीं भी अनियमितता पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












