मेले से लौटते समय युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
जिला संवाददाता काव्यांश रावत एटा। थाना निधौली कला क्षेत्र के गांव खदरपुर में रविवार देर रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने इस मामले में हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस का कहना है कि युवक की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, खदरपुर निवासी लवी यादव शनिवार रात करीब 9 बजे अपने दो दोस्तों के साथ मेला देखने निधौली कला गया था। देर रात लवी का शव सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में मिला। लवी के पिता अरुण कुमार ने साथ गए दोनों युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बेटे की हत्या कर शव को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी का कहना है कि प्राथमिक जांच में युवक की मौत बाइक टकराने से प्रतीत हो रही है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।
वहीं, परिजनों का आरोप है कि यह महज सड़क हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों संदिग्ध युवकों से पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़ें राजीव यादव व शेखर उर्फ राज प्रताप सिंह पर बड़ी कार्यवाही, लाखों की संपत्ति कुर्क












