बुर्का पहनकर घर में चोरी करने वाला आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा कासगंज पुलिस की बड़ी सफलता
मंडल संवाददाता अमित चौहान
थाना कासगंज पुलिस ने मंगलवार देर शाम एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए बुर्का पहनकर घरों में चोरी करने वाले शातिर आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी चोरी की घटनाओं में लंबे समय से पुलिस के रडार पर था। पुलिस के अनुसार, मोहल्ला नाथूराम निवासी कुनाल उर्फ मन्नू पंडित पुत्र राधेश्याम बुर्का पहनकर घरों में घुसकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। 24 नवंबर 2025 की शाम वह एक घर में चोरी कर रहा था, तभी सतर्क लोगों ने शोर मचाकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने आरोपी को घटनास्थल से ही धर दबोचा। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से 1,200 रुपये नकद, एक बुर्का, तथा चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण में, अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। क्षेत्राधिकारी नगर आँचल चौहान के नेतृत्व में कासगंज थाना पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर शातिर चोर को पकड़ा। आरोपी के खिलाफ थाना कासगंज में मु.अ.सं. 868/2025 में
धारा 331(6)/307/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने नियमानुसार सभी विधिक कार्यवाही पूरी कर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
स्थानीय लोगों ने कासगंज पुलिस की इस तत्परता और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है।












