जनपद एटा में चोरों के हौसले बुलंद, एक ही रात में 4 मोटर वर्कशॉप को बनाया निशाना
संवाददाता योगेन्द्र सिंह 
एटा। जनपद में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में चोरों ने पुलिस को एक बार फिर खुली चुनौती देते हुए कोतवाली देहात क्षेत्र में एक ही रात में चार मोटर वर्कशॉप पर धावा बोल दिया। बीती रात अज्ञात चोरों ने राईन मोटर वर्कशॉप, रफीक बॉडी मेकर, क्लासिक मोटर्स और आवागढ़ मोटर्स को निशाना बनाते हुए वहां खड़ी गाड़ियों से बैटरियां चोरी कर लीं। इसके अलावा वेल्डिंग से संबंधित पीतल की मशीन, घड़ी, ग्राइंडर और वेल्डिंग लीड समेत अन्य कीमती सामान भी लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इन्हीं मोटर वर्कशॉप में तीन बार चोरी की वारदात हो चुकी है। हालांकि हर बार एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस अभी तक चोरों तक नहीं पहुंच सकी है, जिससे बदमाशों के हौसले और भी बुलंद हो गए हैं। घटना कोतवाली देहात क्षेत्र में पुल के नीचे गंगानगर स्थित जैन धर्म कांटे के सामने की बताई जा रही है। लगातार हो रही चोरियों से स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है और उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग की है।पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, लेकिन बार-बार हो रही वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।












