यूपी एसआई परीक्षा के सवाल पर बवाल
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत
‘पंडित’ शब्द को विकल्प बनाने पर सोशल मीडिया में हंगामा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आयोजित उप निरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा के पहले ही दिन एक सवाल को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हो गया। प्रश्नपत्र में दिए गए एक विकल्प को लेकर अभ्यर्थियों और लोगों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद यह सवाल तेजी से वायरल हो गया। दरअसल परीक्षा में एक प्रश्न पूछा गया था— ‘अवसर के अनुसार बदल जाने वाला’ वाक्यांश के लिए एक शब्द का चयन करना था। इसके लिए चार विकल्प दिए गए थे, जिनमें सदाचारी, पंडित, अवसरवादी और निष्कपट शामिल थे। अभ्यर्थियों का कहना है कि इनमें से तीन विकल्प किसी व्यक्ति के गुण या अवगुण से जुड़े हैं, जबकि ‘पंडित’ शब्द एक जाति विशेष से भी जुड़ा माना जाता है। इसी को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल उठाते हुए आपत्ति जताई और मामले को लेकर बहस शुरू हो गई। परीक्षा से बाहर आने के बाद यह प्रश्नपत्र का हिस्सा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। कई अभ्यर्थियों और यूजर्स ने इसे अनुचित बताते हुए परीक्षा एजेंसी से स्पष्टीकरण की मांग की है। वहीं दूसरी ओर उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की इस परीक्षा में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। आधिकारिक जानकारी के अनुसार भर्ती परीक्षा में कुल 5,31,765 अभ्यर्थी शामिल हुए।
इस बीच परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन भी सख्त नजर आ रहा है। भर्ती परीक्षा से जुड़ी अफवाहें और फर्जी प्रश्नपत्र वायरल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में लखनऊ में सोशल मीडिया के सात खातों के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं। एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए आगरा से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी अभ्यर्थियों को फर्जी प्रश्नपत्र भेजकर उनसे ठगी कर रहा था। मामले में एसटीएफ की जांच जारी है और आने वाले समय में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।












