जेवरी ग्राम पंचायत में अवैध मुरूम खनन का आरोप, ग्रामीणों ने जिला खनिज विभाग से की शिकायत
संवाददाता ताम्रध्वज साहू बेमेतरा – जिला बेमेतरा के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत जेवरी में मुरूम के अवैध उत्खनन और परिवहन को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्राम पंचायत के सजग नागरिकों ने एकजुट होकर जिला खनिज विभाग को ज्ञापन सौंपा है, जिसमें पंचायत पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पंचायत प्रतिनिधियों पर मिलीभगत का आरोप
ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए आवेदन के अनुसार, ग्राम पंचायत जेवरी के सरपंच और कुछ पंचों पर अपने व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नियमों को ताक पर रखकर मुरूम की खुदाई और ट्रांसपोर्टिंग कराने का आरोप है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पूरा कार्य बिना ग्राम सभा के अनुमोदन के किया जा रहा है, जो कि पंचायती राज नियमों का उल्लंघन है।
धमकी और पद के दुरुपयोग का मामला
शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि जब ग्रामीणों ने इस अवैध खनन का विरोध किया, तो सरपंच द्वारा उन्हें कथित तौर पर जो चाहे कर लो जैसी धमकियां दी गईं। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत के जिम्मेदार पदाधिकारी अपने पद का दुरुपयोग कर रहे हैं और जनहित की अनदेखी कर रहे हैं।
प्रमुख मांगें
ग्रामीणों ने प्रशासन से निम्नलिखित मांगें की हैं
जेवरी क्षेत्र में हो रही मुरूम खुदाई और ट्रांसपोर्टिंग पर तत्काल रोक लगाई जाए।
आम जनता के उपयोग (निस्तारी) और चारागाह के लिए सुरक्षित रखी गई जमीन को संरक्षित किया जाए।
मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
ये भी पढ़ें एटा: जनकल्याणकारी योजनाओं का भव्य प्रदर्शन, लाभार्थियों को मिला सीधा लाभ












