बिजनौर के सुहागपुर में रुचिका मर्डर केस का खुलासा, बॉयफ्रेंड शिवम समेत मां-बाप गिरफ्तार
संवाददाता विष्णु दत्त रावत बिजनौर (UP) – जिले के सुहागपुर गांव में रुचिका हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में मृतका के प्रेमी शिवम, उसके पिता ऋषिपाल और मां सुमेश को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि लम्बे प्रेम-प्रसंग के बाद जब रुचिका ने शिवम से शादी से इनकार किया, तो उसने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
शादी के लिए रखी थी सरकारी नौकरी की शर्त
सूत्रों के अनुसार, रुचिका और शिवम के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध था। शिवम, रुचिका से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती का कहना था कि जब तक शिवम को सरकारी नौकरी नहीं मिल जाती, वह शादी नहीं करेगी। शिवम ने यूपी पुलिस सहित कई विभागों में नौकरी के लिए आवेदन किया, लेकिन हर बार असफल रहा।
कारोबारी से सगाई से टूटा शिवम
इस बीच, रुचिका की सगाई एक कारोबारी से तय हो गई। इससे शिवम मानसिक तनाव में आ गया। 10 मई को उसने रुचिका को आरएसएम कॉलेज बुलाया और वहां से अपने घर ले गया। जब उसने शादी की बात दोहराई, तो रुचिका ने साफ इनकार कर दिया। गुस्से में आकर शिवम ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
शव को छुपाया, फिर बनाया ‘जिंदा’ का बहाना
हत्या के बाद शव को कई घंटों तक घर में छिपा कर रखा गया। फिर शाम को मौसम खराब होने का फायदा उठाते हुए शिवम ने शव को बाइक पर ऐसे बैठाया जैसे वह जीवित हो। उसकी मां बाइक पर पीछे बैठी और तीनों ने मिलकर शव को नहर में फेंक दिया।
गिरफ्तारी और पुलिस जांच
पुलिस जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर शिवम, उसके पिता ऋषिपाल और मां सुमेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस वारदात में तीनों की सक्रिय भूमिका रही है। आगे की पूछताछ जारी है।
ये भी पढ़ें Etah: भगवान परशुराम जयंती पर भव्य शोभायात्रा













