मुंशी के निलंबन की मांग को लेकर अस्पताल स्टाफ हड़ताल पर, जिला अस्पताल में अव्यवस्था से मरीज और तीमारदार परेशान
संवाददाता पंकज मिश्रा मैनपुरी।
मैनपुरी के जिला अस्पताल में उस समय अव्यवस्था फैल गई जब अस्पताल का स्टाफ थाना कोतवाली के एक मुंशी को सस्पेंड कराने की मांग को लेकर हड़ताल पर बैठ गया। कर्मचारियों के काम बंद करने से अस्पताल की व्यवस्थाएं चरमरा गईं और मरीजों व उनके तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि हड़ताल के कारण पर्चा बनाने का कार्य लंबे समय तक बंद रहा, जिससे मरीजों और तीमारदारों की लंबी कतार लग गई। घंटों इंतजार करने के बाद धैर्य टूटने पर कुछ तीमारदार पर्चा बनवाने वाले चैंबर में घुस गए और वहां मौजूद कर्मचारियों से अभद्रता कर दी। अस्पताल में अचानक बढ़ी भीड़ और कर्मचारियों की हड़ताल के कारण पंजीकरण काउंटर, ओपीडी और अन्य व्यवस्थाएं पूरी तरह प्रभावित हो गईं। कई मरीज बिना इलाज कराए ही लौटने को मजबूर हो गए, जबकि गंभीर मरीजों को भी काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि अस्पताल में पर्याप्त व्यवस्था न होने और कर्मचारियों के हड़ताल पर बैठने से हालात बिगड़ गए। वहीं अस्पताल प्रशासन स्थिति को संभालने में जुटा रहा।
मामला थाना कोतवाली क्षेत्र के जिला अस्पताल का बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। वहीं मरीजों और तीमारदारों ने जल्द व्यवस्था सामान्य करने की मांग की है।












