एटा में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवक को सीने में मारी गोली; हालत नाजुक।
संवादाता अमन अहमद।
एटा जिले के जैथरा थाना क्षेत्र में एक मामूली कहासुनी अचानक हिंसक घटना में बदल गई। समोगर गांव में शुक्रवार को 45 वर्षीय व्यक्ति को गोली मार दी गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार समोगर गांव निवासी रविन्द्र (45) पुत्र उदयवीर अपने घर की गली से गुजर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही हरवीर पुत्र गंगा सिंह से उनकी कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि पहले दोनों के बीच गाली-गलौज हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान हरवीर ने तमंचा निकालकर रविन्द्र पर फायर कर दिया। गोली सीधे रविन्द्र के सीने में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े।गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। परिजनों ने बिना देरी किए घायल रविन्द्र को जैथरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल के भाई परमानंद ने बताया कि किसी प्रकार की पुरानी रंजिश नहीं थी और विवाद अचानक हुआ। वहीं, थाना प्रभारी रितेश ठाकुर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।












